देश-विदेश के मेट्रो क्षेत्र के पेशेवरों के लिए अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन प्रमाणन पाठ्यक्रम बेहद उपयोगी: सुशील कुमार
UPMRC बना भारत का पहला मेट्रो संगठन जिसने शुरू किए अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सर्टिफिकेशन कोर्स, भारतीयों के लिए ₹200 और विदेशियों के लिए $100 शुल्क
भारत और दुनिया भर में मेट्रो रेल नेटवर्क के तेज़ी से विस्तार के साथ शहरी परिवहन क्षेत्र में प्रशिक्षित एवं प्रमाणित पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने अपने प्रशिक्षण संस्थान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एंड ट्रेनिंग (CoET) के जरिए भारत के किसी भी मेट्रो रेल संगठन द्वारा पहली बार अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन प्रमाणन पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इन पाठ्यक्रमों का शुभारंभ यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार द्वारा किया गया।
स्किल इंडिया मिशन से जुड़ी पहल
यह पहल भारत सरकार के स्किल इंडिया मिशन के अनुरूप शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य मेट्रो क्षेत्र से संबंधित विशेष प्रशिक्षण को भारत और विदेशों के शिक्षार्थियों तक सुलभ बनाना है।
भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क
वर्तमान में देश के 26 शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं तथा कुल परिचालन नेटवर्क 1,095 किलोमीटर से अधिक हो चुका है, जिससे भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा परिचालित मेट्रो नेटवर्क बन गया है। भारत के अलावा खाड़ी देशों तथा अन्य देशों में भी मेट्रो नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है, जहां बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर कार्यरत हैं।
एक दर्जन से अधिक विशेषीकृत कोर्स
यूपीएमआरसी द्वारा रोलिंग स्टॉक, सिग्नलिंग, ट्रैक अनुरक्षण और ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) जैसे विषयों पर एक दर्जन से अधिक ऑनलाइन प्रमाणन पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। भविष्य में मेट्रो योजना, निर्माण, संचालन, अनुरक्षण और सुरक्षा से जुड़े कोर्स भी चरणबद्ध तरीके से जोड़े जाएंगे।
ये पाठ्यक्रम इंजीनियरों, पेशेवरों, सलाहकारों, ठेकेदारों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा मेट्रो क्षेत्र में रुचि रखने वाले सभी शिक्षार्थियों के लिए तैयार किए गए हैं, जिनमें भारतीय और विदेशी दोनों नामांकन कर सकते हैं।
शुल्क और नामांकन प्रक्रिया
भारतीय नागरिकों के लिए प्रति पाठ्यक्रम शुल्क ₹200 तथा विदेशी नागरिकों के लिए 100 अमेरिकी डॉलर निर्धारित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी यूपीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट के "Online Courses" सेक्शन में जाकर नामांकन कर सकते हैं।
MD सुशील कुमार ने क्या कहा
इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि भारत में मेट्रो क्षेत्र अभूतपूर्व गति से विकसित हो रहा है और दुनिया के कई देशों में भी इसी प्रकार विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि इन अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन प्रमाणन पाठ्यक्रमों के माध्यम से यूपीएमआरसी भारत और विदेशों के शिक्षार्थियों के साथ अपनी तकनीकी विशेषज्ञता साझा कर रहा है तथा स्किल इंडिया मिशन में योगदान दे रहा है।
